आज हिन्दी दिवस मनाया जा रहा है। 1949 में आज के ही दिन संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में हिन्दी को राष्ट्र की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया था। आज हिन्दी विश्व में व्यापक रूप से बोली जाने वाली भाषाओं में एक है।
राष्ट्र भाषा हिन्दी सम्पूर्ण देश में सांस्कृतिक और भावात्मक एकता स्थापित करने का प्रमुख माध्यम है। राष्ट्रीय अस्मिता और सांस्कृतिक-राष्ट्रीय स्वाभिमान को एकसूत्र में पिरोने वाली हिन्दी आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार भी है। आकाशवाणी समाचार के प्रधान महानिदेशक एन.वेणुधर रेड्डी ने कहा कि हिन्दी के उपयोग को बढावा देने में आकाशवाणी की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है।
केन्द्र सरकार ने हिन्दी को बढावा देने के लिए अनेक उपाय किये हैं
केन्द्र सरकार ने हिन्दी को बढावा देने के लिए अनेक उपाय किये हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिन्दी की प्रतिष्ठा बढी है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिन्दी में संबोधन आज भी याद किया जाता है।
गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में हिन्दी दिवस आयोजन को संबोधित करेंगे। आज सुबह हिन्दी दिवस की बधाई देते हुए श्री शाह ने एक ट्वीट में देशवासियों से अपनी मातृ भाषा के साथ साथ राजभाषा हिन्दी अपनाने का संकल्प लेने को कहा। उन्होंने कहा कि भाषा अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त माध्यम है तथा हिन्दी भाषा प्राचीन सभ्यता और आधुनिक प्रगति के बीच का सशक्त सेतु है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार हिन्दी और सभी भारतीय भाषाओं के समानांतर विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु ने हिन्दी दिवस की शुभकामनायें दी
उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडु ने हिन्दी दिवस की शुभकामनायें दी है। श्री नायडु ने एक ट्वीट में कहा कि संविधान सभा ने 14 सितम्बर 1949 को हिन्दी को आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया था और लोगों को हिन्दी दिवस पर संविधान सभा के आदर्शों को याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी भाषाएं देश की सांस्कृतिक एकता का माध्यम है। श्री नायडु ने लोगों से अधिक से अधिक भारतीय भाषाएं सीखने और भाषायी तालमेल बढाने का आग्रह किया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लोगों को हिंदी दिवस की बधाई दी
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने लोगों को हिंदी दिवस की बधाई दी है। श्री ठाकुर ने एक ट्वीट में कहा कि भाषा किसी भी देश के सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, दार्शनिक और साहित्यिक पहलुओं को जानने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्र की भाषा विकास की वाहक बनती है, तब देश के प्रति प्रेम और सरकार के प्रति विश्वास नागरिकों में बढ़ता है। इस अवसर पर श्री ठाकुर ने लोगों से हिंदी के प्रचार-प्रसार में अपना पूरा योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडीज़ का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को बेंगलुरु के नजदीक होसुर में किया जाएगा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडीज़ का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को बेंगलुरु के नजदीक होसुर में किया जाएगा। उनका कल मंगलुरू के अस्पताल में निधन हो गया था। 80 वर्षीय फर्नांडीज़ मस्तिष्क की शल्य चिकित्सा के बाद अस्पताल में भर्ती थे। उडुपी में आज गिरिजाघर में प्रार्थना सभा होगी। उसके बाद उनका पार्थिव शरीर उडुपी के कांग्रेस कार्यालय और शाम को मंगलुरु के कांग्रेस कार्यालय में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। कल सवेरे मंगलुरु के गिरिजाघर में प्रार्थना सभा होगी। शाम को उनका पार्थिव शरीर बेंगलुरू ले जाया जाएगा, जहां बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
![]() |
ऑस्कर फर्नांडीज़ |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्कर फर्नांडीस के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं श्री फर्नांडीस के परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडीस का कल मैंगलोर में निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे और कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे।
राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडीस के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं श्री फर्नांडीस के परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने भी श्री फर्नांडीस के निधन पर शोक व्यक्त किया है। डॉ सिंह ने कहा कि वे एक प्रतिभाशाली नेता और कुशल प्रशासक थे।
श्रीमती सोनिया गांधी ने कहा कि श्री फर्नांडीस अनुभवी कांग्रेस सांसद और एक संवेदनशील मंत्री थे। उन्होंने हमेशा श्रमिकों और वंचितों के कल्याण के लिए काम किया।