राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आई एम एफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टलिना जॉर्जीवा (Kristalina Georgieva) से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की ,राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष-आई एम एफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टलिना जॉर्जीवा से आज राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक जैसी संस्थाओं ने कोरोना महामारी के दौरान कम आय वाले देशों को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा प्रणाली की स्थिरता बनाए रखने में आईएमएफ की अहम भूमिका है।
सुश्री मुर्मू ने कहा कि आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। भारत में स्टार्ट-अप की सफलता, विशेष रूप से यूनिकॉर्न की बढ़ती संख्या औद्योगिक प्रगति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति समावेशी है जिसमें दलितों, जरूरतमंदों और हाशिए पर पहुंचे लोगों का विकास शामिल है।
भारत में 2023 में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के बारे में बोलते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जी-20 में बहुपक्षीय सहयोग समावेशन, लचीलेपन और विविधता पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की अध्यक्षता के दौरान जी-20 मंच सभी के लिए शांतिपूर्ण और समृद्ध विश्व के निर्माण की आकांक्षा के साथ आगे बढ़ेगा।