भारतीय तटरक्षक ने बंगाल की खाड़ी में सागर द्वीप के पास समुद्र में फंसी एक नौका में सवार ग्यारह मछुआरों को बचा लिया
भारतीय तटरक्षक ने बंगाल की खाड़ी में सागर द्वीप के पास समुद्र में फंसी एक नौका में सवार ग्यारह मछुआरों को बचा लिया है। कोलकाता में तटरक्षक मुख्यालय ने कहा है कि मौसम में अचानक बदलाव से समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगीं और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान समुद्र में तटरक्षक बल के पोत को सागर द्वीप से 35 समुद्री मील दक्षिण में मछली पकडने की एक नौका के फंसे होने की जानकारी मिली। इसमें 11 मछुआरे सवार थे। आपात स्थिति में तटरक्षक बल ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। तटरक्षक बल के डोरनियर विमान ने इलाके में निगरानी उड़ान भरी और फंसी नौका का तत्काल पता लगा लिया।
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज कहा कि जलवायु परिवर्तन विश्व के लिए सबसे बड़ी चुनौती
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज कहा कि जलवायु परिवर्तन विश्व के लिए सबसे बड़ी चुनौती है, जिसका दूरगामी प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वैश्विक जागरूकता की बहुत आवश्यकता है।
नई दिल्ली में अमरीकी जलवायु दूत जॉन केरी के साथ क्लाइमेट एक्शन एंड फाइनेंस मोबिलाइजेशन डायलॉग का शुभारंभ करते हुए, श्री यादव ने कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन का उच्चतम स्तर पर मुकाबला कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में भारत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के सुझावों और विचारों पर अमल कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार कम कार्बन और सतत जीवन शैली को बढ़ावा देकर इसका समाधान कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि सरकार के सचेत कार्यों से भारतीय अर्थव्यवस्था में पर्यावरण को अधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा और वनों के विकास को अधिक बढ़ावा दिया गया है।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री जॉन केरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन दुनिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती है जिसके मुकाबले के लिए सामूहिक कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत और अमरीका इस मुद्दे के समाधान के लिए संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं।
राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को अब तक 72 करोड़ 70 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन की खुराकें उपलब्ध करा दी गई
केन्द्र सरकार ने आज कहा है कि राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को अब तक 72 करोड़ 70 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन की खुराकें उपलब्ध करा दी गई हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास फिलहाल टीकाकरण के लिए चार करोड़ 90 लाख से अधिक टीके उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने बताया है कि इसके अलावा आठ लाख से अधिक खुराकें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस वर्ष 21 जून से सभी लोगों को कोविड-19 टीके दिये जाने का नया चरण शुरू हुआ था। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के एक हिस्से के तौर पर केन्द्र सरकार, राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को नि:शुल्क कोविड टीके उपलब्ध करा रही है।
पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पौत्र इन्दरजीत सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये
पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पौत्र इन्दरजीत सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये हैं। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, भाजपा सांसदों दुष्यंत गौतम और अनिल बलुनी की उपस्थिति में उन्हें पार्टी में शामिल किया गया। श्री पुरी ने पार्टी में उनके शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पंजाब में भारतीय जनता पार्टी को बल मिलेगा।
आज की ताजा खबर : Aaj Ke Taza samachar, 13 सितंबर, बड़ी खबरें और मुख्य समाचार